शुक्रवार, 30 जून 2017

549. धरा बनी अलाव (गर्मी के 10 हाइकु) पुस्तक- 89, 90

धरा बनी अलाव  

*******  

1.  
दोषी है कौन?  
धरा बनी अलाव,  
हमारा कर्म   

2.  
आग उगल  
रवि गर्व से बोला-  
सब झुलसो!  

3.  
रोते थे वृक्ष-  
'मत काटो हमको' 
अब भुगतो   

4.  
ये पेड़ हरे  
साँसों के रखवाले  
मत काटो रे 

5.  
बदली सोचे-  
आँखों में आँसू नहीं  
बरसूँ कैसे?  

6.  
बिन आँसू के  
आसमान है रोया,  
मेघ खो गए   

7.  
आग फेंकता  
उजाले का देवता  
रथ पे चला   

8.  
अब तो चेतो  
प्रकृति को बचा लो,  
नहीं तो मिटो   

9.  
कंठ सूखता  
नदी-पोखर सूखे  
क्या करे जीव?  

10.  
पेड़ व पक्षी  
प्यास से तड़पते  
लिपट रोते   

- जेन्नी शबनम (29. 6. 2017)
____________________ 

रविवार, 25 जून 2017

548. फ़ौजी-किसान (19 हाइकु) पुस्तक 87-89

फ़ौजी-किसान  

*******  

1.  
कर्म पे डटा  
कभी नहीं थकता  
फ़ौजी-किसान   

2.  
किसान हारे  
ख़ुदकुशी करते,  
बेबस सारे   

3.  
सत्ता बेशर्म  
राजनीति करती,  
मरे किसान   

4.  
बिकता मोल  
पसीना अनमोल,  
भूखा किसान   

5.  
कोई न सुने  
किससे कहे हाल  
डरे किसान   

6.  
भूखा-लाचार  
उपजाता अनाज  
न्यारा किसान   

7.  
माटी का पूत  
माटी को सोना बना  
माटी में मिला (किसान)  

8.  
क़र्ज़ में डूबा  
पेट भरे सबका,  
भूखा, अकड़ा (किसान)  

9.  
कर्म ही धर्म  
किसान कर्मयोगी,  
जीए या मरे   

10.  
अन्न उगाता  
सर्वहारा किसान  
बेपरवाह   

11.  
निगल गई  
राजनीति राक्षसी  
किसान मृत   

12.  
अन्न का दाता  
किसान विष खाता  
हो के लाचार   

13.  
देव अन्न का  
मोहताज अन्न का  
कैसा है न्याय? (किसान)  

14.  
बग़ैर स्वार्थ  
करते परमार्थ  
किसान योगी   

15.  
उम्मीदें टूटीं  
किसानों की ज़िन्दगी  
जग से रूठी   

16.  
हठी किसान  
हार नहीं मानता 
साँसें निढाल   

17.  
रँगे धरती  
किसान रंगरेज,  
ख़ुद बेरंग   

18.  
माटी में सना  
माटी का रखवाला  
माटी में मिला (किसान)  

19.  
हाल बेहाल  
प्रकृति बलवान  
रोता किसान 

- जेन्नी शबनम (20. 6. 2017)
____________________

गुरुवार, 1 जून 2017

547. मर गई गुड़िया

मर गई गुड़िया  

*******  

गुड़ियों के साथ खेलती थी गुड़िया  
ता-ता थइया नाचती थी गुड़िया  
ता ले ग म, ता ले ग म गाती थी गुड़िया  
क ख ग घ पढ़ती थी गुड़िया  
तितली-सी उड़ती थी गुड़िया 

ना-ना ये नही है मेरी गुड़िया  
इसके तो पंख है नुचे  
कोमल चेहरे पर ज़ख़्म भरे  
सारे बदन से रक्त यूँ है रिसता  
ज्यों छेनी-हथौड़ी से कोई पत्थर है कटा   

गुड़िया के हाथों में अब भी है गुड़िया  
जाने कितनी चीख़ी होगी गुड़िया  
हर प्रहार पर माँ-माँ पुकारी होगी गुड़िया  
तड़प-तड़पकर मर गई गुड़िया  
कहाँ जानती होगी स्त्री का मतलब गुड़िया   

जिन दानवों ने गुड़िया को नोच खाया  
पौरुष दम्भ से सरेआम हुंकार रहा  
दूसरी गुड़िया को तलाश रहा  
अख़बार के एक कोने में ख़बर छपी  
एक और गुड़िया हवस के नाम चढ़ी    

मूक लाचार बनी न्याय व्यवस्था  
सबूत गवाह सब अकेली थी गुड़िया  
जाने किस ईश का शाप मिला  
कैसे किसी ईश का मन न पसीजा  
छलनी हुआ माँ बाप का सीना   

जाने कहाँ उड़ गई है मेरी गुड़िया  
वापस अब नही आएगी गुड़िया  
ना-ना अब नही चाहिए कोई गुड़िया  
जग हँसाई को हम कैसे सहें गुड़िया  
हम भी तुम्हारे पास आ रहे मेरी गुड़िया 

- जेन्नी शबनम (1. 6. 2017)  
____________________